एंटीबायोटिक लेने से क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?HealthPlanet

Posted on Mon 5th Dec 2022 : 11:21

एंटीबायोटिक दवाओं के इस्तेमाल में ऐसे बरतें सावधानी
दुनियाभर में एंटीबायोटिक दवाओं के अंधाधुंध सेवन से रोगाणुओं में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती जा रही है और दवाओं का असर खत्म होता जा रहा है. परिणामस्वरूप गंभीर बीमारियां लगातार बढ़ रही हैं. चूंकि, भारत में एंटीबायोटिक दवाओं की खपत सबसे ज्यादा है, इस वजह से इसके दुष्परिणाम भी भारत में सबसे ज्यादा दिखायी दे रहे हैं. ऐसे में, एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग से बचने के उपाय ढूंढ़ने बहुत जरूरी हैं. इन्हीं सारी बातों के इर्द-गिर्द आज का इन डेप्थ...
एंटीबायोटिक अथवा जीवाणुरोधी दवाओं के अंधाधुंध दुरुपयोग की खबरें अब आम हैं. इसके दुष्प्रभाव ने चिकित्सा विज्ञान के समक्ष कई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं. पहली एंटीबायोटिक दवा ‘पेंसिलीन’ की खोज जब की गयी थी, तब इसे चिकित्सा जगत के लिए वरदान के रूप में देखा गया था.
ADVERTISEMENT
उसके बाद तो कई नये और अलग-अलग समूह के एंटीबायोटिक्स सामने आये. दरअसल, एंटीबायोटिक दवाएं बैक्टीरिया या जीवाणु के खिलाफ कारगर मानी जाती हैं, लेकिन विभिन्न वायरस पर इसका कोई असर नहीं होता.
आजकल बैक्टीरिया हमारे चारों ओर मौजूद हैं. वातावरण में, हमारे मुंह, नाक की झिल्ली, त्वचा पर और आंतों तक में. हमारे शरीर की कुदरती प्रतिरोध क्षमता इन बैक्टीरिया से हमारी रक्षा करती है. लेकिन, जब हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधी क्षमता कमजोर पड़ जाती है, तब हमारे शरीर में पहले से ही मौजूद बैक्टीरिया शरीर के किसी कमजोर स्थान पर पहुंचकर हमारे शरीर में संक्रमण फैलाने लगता है.
ये बैक्टीरिया तेजी से अपनी संख्या में वृद्धि करते हैं और उत्तकों, कोशिकाओं को तबाह करने लगते हैं. इन बैक्टीरिया के जहर खून के रास्ते हृदय, मस्तिष्क, फेफड़ों और गुर्दे जैसे शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित करते हैं.
मसलन- बुखार, दर्द, सूजन आदि लक्षण शरीर पर आ जाते हैं. एंटीबायोटिक दवाएं- गोलियां, कैप्सूल्स, सीरप एवं इंजेक्शन के रूप में आती हैं. ये बैक्टीरिया को मार डालती हैं और उम्मीद की जाती है कि बैक्टीरिया के मर जाने के बाद शरी की प्रतिरक्षण क्षमता शरीर को ठीक कर लेती है.
आजकल देखा जा रहा है कि अधिकतर बैक्टीरिया तो एंटीबायोटिक्स दवाओं के खिलाफ प्रतिरोध विकसित कर चुके हैं. ऐसा एंटीबायोटिक्स दवाओं के अंधाधुन उपयोग से हो रहा है. समय के अनुसार, एंटीबायोटिक्स की कई पीढ़ी आयी और प्रभावहीन हुई और अब तो ब्राडस्पेक्ट्रम एंटीबायोटिक्स भी खतरे में हैं.
इसलिए एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग सावधानी से करना चाहिए. अब एंटीबायोटिक की तरह एंटीबैक्टीरियल दवाइयां भी प्रचलन में हैं. इनमें ‘सल्फाड्रग्स’ महत्वपूर्ण है. इसका उपयोग मुत्रमार्ग के संक्रमण, निमोनिया, टीबी, कुष्ठ रोग, पेट के रोगों आदि में किया जाता है.
एंटीबैक्टीरियल दवाइयां सूक्ष्मजीवों की वृद्धि और विकास को रोकती हैं. साथ ही इनके दुष्प्रभाव भी घातक हैं. इसलिए सलाह यह है कि अनावश्यक एंटीबायोटिक्स एवं एंटीबैक्टीरियल दवाओं के अंधाधुंध उपयोग से बचा जाये. इस काम में डॉक्टरों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और सरकारों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि देश में इससे बढ़ते स्वास्थ्य खतरों को कम किया जा सके.
यदि किसी रोग में एंटीबायोटिक्स या एंटीबैक्टीरियल दवाओं का उपयोग अनिवार्य ही है, तो किसी विशेषज्ञ की निगरानी में इनका प्रयोग किया जाना चाहिए. साथ ही इलाज के दौरान जिगर, गुर्दे एवं रक्त की नियमित जांच होती रहनी चाहिए. ध्यान रहे, एमडीआर (मल्टी ड्रग रेजिस्टेंस) के अधिकांश मामले एंटीबायोटिक्स के दुरुपयोग से ही उत्पन्न हुए हैं और ‘सुपरबग’ के युग में एंटीबायोटिक्स का विवेकपूर्ण इस्तेमाल तो बेहद जरूरी है.
एंटीबायोटिक प्रतिरोध के कारण हर वर्ष 7 लाख बच्चों की मौत
रोग गतिशीलता अर्थशास्त्र और नीति केंद्र (सीडीडीईपी) के अनुसार, एंटीबायोटिक प्रतिरोध से उत्पन्न संक्रमण के कारण दुनिया में हर वर्ष 7 लाख बच्चों की मौतें हो रही है, जिसमें से अकेले भारत में लगभग 58,000 मौतें हो रही हैं.
एंटीबायोटिक का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल प्रतिरोधक क्षमता के जोखिम को बढ़ा रहा है. अध्ययन के अनुसार, एंटीमाइक्रोबिअल प्रतिरोधक क्षमता (एएमआर) की समस्या बेहद गंभीर रूप ले चुकी है. ब्रिटिश सरकार की साल 2017 में एंटीमाइक्रोबिअल प्रतिरोधक क्षमता संबंधी समीक्षा में सामने आया था कि वर्ष 2050 तक एएमआर से एशिया व अफ्रीका में 40 लाख, उत्तर अमेरिका में हर साल 317,000 और यूरोप में 390,000 लोगों की जान का जोखिम खड़ा हो जायेगा.
एंटीबायोटिक के प्रति प्रतिरोधी बैक्टीरिया के चलते आने वाले समय में कीमोथेरेपी, अंगों का प्रत्यारोपण आदि करना असंभव होता जायेगा और गॉनरिया, दिमागी बुखार और टायफाइड जैसे संक्रमण का भी इलाज संभव नहीं रह जायेगा. भारत के लिए यह स्थिति ज्यादा चिंताजनक है, क्योंकि पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा एंटीबायोटिक का इस्तेमाल भारत में हो रहा है.
लेंसेट की साल 2010 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में उस वक्त लगभग 1300 करोड़ यूनिट की खपत हो रही थी. वहीं, चीन में यह आंकड़ा लगभग 1000 करोड़ यूनिट और अमेरिका में लगभग 700 करोड़ यूनिट था. साल 2000 से 2015 के बीच दुनियाभर में एंटीबायोटिक्स की खपत में 65 फीसदी का इजाफा देखा गया है, वहीं मध्यम एवं गरीब आय वाले देशों में इसी अवधि में 114 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. भारत में एंटीबायोटिक्स की खपत में 103 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी है, जिससे एंटीबायोटिक्स प्रतिरोध में भी बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है.
विभिन्न अध्ययनों में यह भी सामने आया है कि डेयरी और मांस उद्योग में भी एंटीबायोटिक का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है. अमेरिका में 80-90 प्रतिशत एंटीबायोटिक की खपत जानवरों के लिए की जाती है, जिससे उन्हें समय से पहले मोटा किया जा सके. वहीं रिपोर्ट के अनुसार, जीवाणु प्रतिरोध की विकृति चीन के सुअर फार्म से आयी है.
एंटीबायोटिक विभिन्न उद्योगों और घरों से निकलनेवाले गंदे पानी के माध्यम से वापस हमारे पीने के पानी में मिल जाता है, वहीं मांस व दूध के जरिये भी हमारे शरीर के भीतर पहुंच रहा है. कुल मिलाकर हम खतरनाक मात्रा में एंटीबायोटिक ले रहे हैं, जिसके दुष्परिणाम आनेवालों सालों में दिखायी देंगे.
ऐसा समय भी आ सकता है, जब कोई भी व्यक्ति दुकान से पेंसिलीन खरीद सकेगा. इसमें यह खतरा है कि अज्ञानी व्यक्ति आसानी से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में इसका सेवन कर अपने रोगाणुओं/जीवाणुओं को इस दवा को लेकर प्रतिरोधी बना दे.
एंटीबायोटिक लेने से पहले ध्यान रखें
डॉक्टर की सलाह से ही एंटीबायोटिक दवायें खायें, क्योंकि डॉक्टर बीमारी के अनुसार ही दवा देते हैं.
अपनी मर्जी से सेवन करने से सही मात्रा और समय की जानकारी हमें नहीं होती, जिससे शरीर पर बुरा असर भी पड़ सकता है.
एंटीबायोटिक दवा लेने का समय भी बहुत जरूरी होता है, अतः चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही खायें.
डॉक्टर की सलाह पर शुरू हुए एंटीबायोटिक का कोर्स निश्चित ही पूरा करना चाहिए, अन्यथा कुछ बैक्टीरिया बचे रह जाते हैं और दोबारा संक्रमण फैला सकते हैं.
हर शरीर की अपनी अलग दशा होती है, जिसका ध्यान रखकर ही डॉक्टर एंटीबायोटिक देते हैं. किसी दूसरे के लिए लिखी एंटीबायोटिक दवा अपनी मर्जी से नहीं खानी चाहिए.

solved 5
wordpress 3 years ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author -> Poster Name

Short info